सीतापुर। कोरोना संकट के बीच नेक दिल लोग एक-दूसरे की मदद का जज्बा लिए आगे आ रहे हैं। इस बुरे दौर में कुछ ऐसे भी हैं, जो इंसानियत का गला घोंटने पर उतारू हैं। सीतापुर शहर में एक ऐसा ही मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। शहर में किराए पर रह रहा जौनपुर निवासी एक मास्टर माइंड दिल्ली के लोगों की मदद के नाम पर सांसों का सौदा कर रहा था।
आरोपी ऑक्सीजन सिलेंडर और रेमडेसिविर इंजेक्शन देने के नाम पर दिल्ली के लोगों को ठगी का शिकार बना रहा था। अकाउंट में पैसे डलवाने के बाद उन्हें ब्लॉक कर देता था। इस तरह के कई मामले सामने आने के बाद हरकत में आई दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने मंगलवार को शहर में बड़े ही गोपनीय तरीके से छापा मारकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद ठग लेकर क्राइम ब्रांच की टीम दोपहर दिल्ली रवाना हो गई। दिल्ली क्राइम ब्रांच टीम के एसआई नानग राम के मुताबिक, आरोपी ने एक एनजीओ पर अपना व्हाट्सएप नंबर डाल रखा था। इसमें जरूरतमंद लोगों को कम समय में ऑक्सीजन सिलेंडर और रेमडेसिविर इंजेक्शन मुहैया कराने की बात कही थी। इसका लिंक उसने फेसबुक पर भी वायरल कर दिया था।
उसी के जरिये लोग उसे व्हाट्सएप पर मैसेज कर मदद मांगते थे। आरोपी आयुष जरूरतमंद लोगों से ऑक्सीजन सिलेंडर और इंजेेक्शन देने के एवज में मोटी रमक ऐंठ लेता था। इसके बाद उन्हें व्हाट्सएप पर ब्लॉक कर दूसरे लोगों को शिकार बनाने में जुट जाता था। आरोपी आयुष मूल रूप से जौनपुर जिले के सिधौनी का रहने वाला है।
पुलिस की माने तो वह पिछले एक साल से शहर कोतवाली इलाके के चौधरी टोला बाल्मीकि मंदिर के पास किराए पर कमरा लेकर पत्नी के साथ रहता था। आरोपी ने बताया कि वह बैंक में भी काम कर चुका है और बीएससी पास है। इस समय में बेरोजगार था। कोरोना काल में लोगों की जरूरतों को देखते हुए वह ये काम करने लगा। वह पिछले एक माह से ठगी कर रहा था।
मंगलवार दोपहर उसे शहर के गौशाला मार्ग से दबोचा गया। आरोपी अपनी पत्नी को दिखाने के लिए एक अस्पताल गया था। जहां पर पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी आयुष के साथ पुलिस ने रसूलपुर के एक प्रधान को भी उठाया था, लेकिन इस मामले में उसका कोई रोल नहीं होने की वजह से छोड़ दिया गया।
शहर कोतवाल टीपी सिंह ने बताया कि दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम आई थी। वह किसी मामले में एक आरोपी को पकड़कर ले गई है। स्थानीय पुलिस का इस मामले से कोई लेनादेना नहीं है।
ऐसे हुआ ठगी का भंडाफोड़
दिल्ली क्राइम ब्रांच टीम की माने तो मास्टर माइंड ने नई दिल्ली के एक के बाद एक कई जरूरतमंदों को ठगी का शिकार बनाया। ठगे जाने के बाद भी कई ने पुलिस में शिकायत नहीं की। वजह, वे अपनी समस्या से ही जूझ रहे थे। ऐसे में पुलिस में शिकायत करने के बजाय वे अपने मरीज को ठीक कराने में लग गए।
इसी तरह से ठगी का शिकार हुए एक पीड़ित ने पुलिस की मदद ली। वह नई दिल्ली के थाना नजफगढ़ पहुंचा, जहां पर आपबीती बताते हुए तहरीर दी। पीड़ित की तहरीर पर आरोपी आयुष के खिलाफ धोखाधड़ी आदि धाराओं में 22 मई को केस दर्ज किया था।
मरीज बनकर दिल्ली क्राइम ब्रांच ने आरोपी को दबोचा
पीड़ित की ओर से मुहैया कराए गए आरोपी के व्हाट्सएप नंबर पर दिल्ली पुलिस ने मैैैसेज भेजा। चैटिंग शुरू हुई तो पुलिस मरीज बन गई और ऑक्सीजन सिलेंडर, रेमडेसिविर इंजेेक्शन की बहुत जरूरत होने की बात कहकर देने के लिए मदद मांगी। आरोपी ने इसके एवज में 20 हजार रुपये की डिमांड की। पुलिस सूत्रों की माने तो पुलिस ने आरोपी के अकाउंट में 20 हजार रुपये डाले। इसके बाद अकाउंट नंबर को खंगाला और व्हाट्सएप नंबर से कॉल डिटेल खंगालते हुए दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने सीतापुर में छापामार कर आरोपी को दबोच लिया।
ठगी का शिकार 30 लोग आ चुके हैं सामने
पुलिस सूत्रों की माने तो पकड़ा गया मास्टर माइंड आयुष ने अब तक दिल्ली के करीब 20 से 30 लोगों को ठगी का शिकार बनाया है। ये संख्या वह है, जो एफआईआर के बाद पीड़ित सामने आ रहे हैं। बहुत से ऐसे लोग होंगे, जिन्होंने पुलिस में शिकायत ही नहीं की होगी। अब दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी से ये उगलवाएगी कि वह अब तक कितने लोगों से ठगी कर चुका है।
अकाउंट में मिले 4.50 लाख, खंगाली गई चैटिंग
पुलिस के एक भरोसेमंद सूत्र ने बताया कि आरोपी के अकाउंट में करीब 4.50 लाख रुपये हैं। उसके अकाउंट को सीज कर दिया गया है। उसके मोबाइल को पुलिस ने कब्जे में लेकर खंगाला है, जिसमें लोगों को ठगने के लिए की गई बातचीत की चैटिंग मौजूद है। पुलिस ने बतौर साक्ष्य चैटिंग को सुरक्षित कर लिया है।