रामपुर मथुरा (सीतापुर)। भांजी का तिलक चढ़ाकर बीती देर रात लौट रहे मामा की बाइक अचानक बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में मामा की मौत हो गई। बाइक सवार मृतक का रिश्तेदार घायल हो गया। उसे लखनऊ रेफर किया गया है। मामा बाराबंकी का निवासी था।
बाराबंकी जिले के थाना जहंगीराबाद इलाके के मुर्तजानगर छोटे (28) अपनी भांजी का तिलक लेकर सीतापुर जिले के रेउसा थाने के ग्वारी खुर्द गांव गए थे। बुधवार देर रात तिलक चढ़ाकर लौटते समय उन्होंने बाराबंकी जिले के मोहम्मदपुर खाला थाने के मंझारी गांव निवासी रिश्तेदार विजय (32) को बाइक पर बिठा लिया।
देर रात रामपुर मथुरा ब्लॉक के सामने पहुंचते ही सामने कोई जानवर सड़क पर आ गया। उसे बचाने के चक्कर में बाइक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे लगे खंभे से बाइक टकरा गई। हादसे में दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को रामपुर मथुरा सीएचसी ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही छोटे की मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। विजय की हालत को नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया है।