झरेखापुर (सीतापुर)। हरगांव थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार वाहन ने पैदल जा रहे एक बुजुर्ग को ठोकर मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई। बुजुर्ग यहां अपनी रिश्तेदारी में आया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शहर कोतवाली इलाके के बिहारी गंज निवासी अब्दुल रशीद (75) पुत्र बहादुर बड़ागांव में रहने वाले अपने भांजे सलामतुल्ला के यहां गये थे। गुरुवार सुबह अब्दुल रशीद वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में सीतापुर-लखीमपुर मार्ग पर झरेखापुर नहर पुलिया के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गये। स्थानीय लोगों से सूचना पाकर पहुंची पुलिस अब्दुल रशीद को अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रही थी, इसी दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।