सीतापुर। रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र में अज्ञात हमलावर ने छह वर्षीय बालक पर सोते समय धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से जख्मी बालक को सीएचसी रामपुर मथुरा पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत जरावन मजरा कोठवल निवासी धीरज अपने छह वर्षीय पुत्र सोनू के साथ घर में छप्पर के नीचे सो रहा था। रात में अज्ञात व्यक्ति ने अचानक चाकू से सोनू के पेट पर जानलेवा हमला कर दिया। इससे उसका पेट फट गया और आंतें बाहर आ गईं। धीरज के जागते ही हमलावर वहां से भाग गया।
धीरज ने आनन-फानन में यूपी-112 को फोन किया। घायल सोनू को एंबुलेंस से सीएचसी रामपुर मथुरा पहुंचाया गया, जहां उसके पेट में टांके लगाए गए। हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि सोनू के घरवालों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।