मानपुर(सीतापुर)। नाराखेर मजरा फूलपुर में बुधवार सुबह एक बुजुर्ग का शव मकान के बाहर छप्पर के नीचे बिस्तर पर पड़ा मिला। उसकी पुत्री ने करीबी रिश्तेदारों पर भूमि विवाद में गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के अंतर्गत नाराखेर मजरा फूलपुर निवासी पुतान शुक्ला (85) खेती करते थे। उनके छह पुत्रियां हैं। सबसे छोटी बेटी पूनम उनके साथ रहती थी। बुधवार सुबह पुतान बिस्तर पर ही मृत अवस्था में मिले।
पूनम के मुताबिक उसके एक करीबी रिश्तेदार ने एक अप्रैल को पिता की छह बीघा भूमि का बैनामा जबरन करा लिया था। दाखिल खारिज की प्रक्रिया के दौरान पिता ने इस पर आपत्ति लगा दी थी। पूनम का आरोप है कि बैनामा कराने वाले करीबी रिश्तेदारों ने ही गला दबाकर हत्या कर दी। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार कटियार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।