खैराबाद (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में एक ट्रैक्टर चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की मां ने कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्र के दौलतपुर निवासी छोटू (30) का शव शनिवार को जमैय्यतपुर के पास स्थित पीपल के पेड़ के पास सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की मां शीतला ने आरोप लगाया कि सुबह चार बजे उसके पुत्र को एक युवक ट्रैक्टर चलाने के लिए ले गया था। कुछ देर के बाद ही उसकी मौत की जानकारी मिली। उसने बताया कि शव के सिर में पीछे से गड्ढा हो गया है। वहीं कान के पास भी चोट के निशान हैं। उसके पुत्र की हत्या की गई है। वहीं पुलिस मामले को दबाने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने हत्या की बात से साफ इंकार कर दिया है।
एसओ तेज प्रकाश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रथम दृष्टया युवक को गिरने से चोट होने की बात सामने आई है। पीड़ित परिवार ने लिखित में किसी के खिलाफ तहरीर नहीं दी है।