लहरपुर (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में एक युवक का शव सोमवार की देर रात सड़क किनारे खाई में संदिग्ध हालात में मिला है। लहरपुर इलाके के गंगुवा बेहड़ के निकट बाबा जंगली नाथ मार्ग पर सोमवार देर रात एक युवक का शव खाई में पड़ा मिला। सूचना पाकर लहरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।
पुलिस ने शव की शिनाख्त के प्रयास किए, लेकिन पहचान नहीं हो पाने की दशा में कार्रवाई अज्ञात में दर्ज करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर मौजूद चश्मदीदों ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। युवक कौन है, कहां का रहने वाला है, उसके साथ क्या हादसा हुआ, इसका पता अभी तक नहीं चल सका है।
इंस्पेेक्टर लहरपुर मनीष सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शव की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। शव की शिनाख्त के लिए जिले से लेकर गैैर जिलों के थानों की पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है। मृतक की फोटो भी सोशल मीडिया पर भेज कर शिनाख्त का प्रयास जारी है।