कमलापुर (सीतापुर)। एक कुएं में युवक का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
कमलापुर कस्बे में मास्टरबाग मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के पास राजा के सहन बाग में स्थित कुएं के पास गुरुवार को कुछ लोग मवेशी चराने गए थे, जहां पर उन्हें कुएं से दुर्गंध आई। इस पर लोगों ने कुएं में झांका तो अंदर एक युवक का शव उतराता दिखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। शव की शिनाख्त के प्रयास किए, लेकिन पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चश्मदीदों ने हत्या कर शव कुएं में फेंके जाने की आशंका जताई है। एसओ कमलापुर संजय कुमार ने बताया कि शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।