सीतापुर। जिलाधिकारी ने 2024 में शहर व कस्बों की बाजारों की साप्ताहिक बंदी के दिन तय कर दिए हैं। इसके तहत पुराना सीतापुर की दुकानें अब प्रत्येक शुक्रवार को बंद रहेंगी। वहीं, शेष शहर की दुकानों की बंदी रविवार को होगी। इसी तरह कस्बा व तहसीलों की बाजार में बंदी के दिन भी तय किए गए हैं।
जिलाधिकारी अनुज सिंह ने बताया कि साप्ताहिक बंदी के दिन तय किए गए हैं। इसके तहत नगर पालिका परिषद सीतापुर का पुराना क्षेत्र (कोट, मुंशीगंज, कजियारा, मन्नी चौराहा, सिटी स्टेशन मार्केट) में शुक्रवार को साप्ताहिक बंदी रहेगी। इसे छोड़कर शहर के अन्य क्षेत्रों में रविवार को बंदी रहेगी।
बिसवां नगर में मंगलवार, महमूदाबाद में शुक्रवार, लहरपुर में शनिवार, खैराबाद में बुधवार, मिश्रिख में शनिवार, सिधौली में रविवार, पैंतेपुर में मंगलवार, तंबौर में सोमवार, महोली में शनिवार, हरगांव में मंगलवार, रामकोट में बृहस्पतिवार, जलालपुर में बुधवार, मछरेहटा में शुक्रवार, संदना में रविवार, चांदपुर में बुधवार, सरैंया में रविवार, सदरपुर में मंगलवार, कमलापुर में सोमवार, अटरिया में शनिवार, लालपुर में बृहस्पतिवार, मानपुर में रविवार, जहांगीराबाद में शुक्रवार, रेउसा में शनिवार और परसेंडी में रविवार को साप्ताहिक बंदी होगी।
मंगलवार को नहीं करवा पाएंगे हेयरकट
जिलाधिकारी अनुज सिंह ने बताया कि सभी नगर क्षेत्रों में नाइयों और केश प्रसाधनों की दुकानों के लिए भी बंदी का एक दिन तय किया गया है। इसके तहत मंगलवार को इन सभी दुकानों का साप्ताहिक अवकाश रहेगा। क्षेत्र में नियुक्त श्रम प्रवर्तन अधिकारी निर्धारित बंदी दिवस का अनुपालन करवाएंगे।