लहरपुर। लखीमपुर-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को एक कार ने मैजिक वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मैजिक सड़क किनारे खड्ड में पलट गई। कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नकहा में भर्ती कराया गया है। यहां से एक व्यक्ति को जिला अस्पताल लखीमपुर खीरी रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों वाहन अपने कब्जे में ले लिए हैं।
भदफर चौकी क्षेत्र के खनियापुर गांव के पास मंगलवार को केवल पुरवा खमरिया जा रही एक मैजिक वाहन में पीछे से स्विफ्ट कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मैजिक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में जाकर पलट गई। मैजिक चालक दिलीप कुमार (32) को मामूली चोट आईं। वहीं, स्विफ्ट कार सवार खीरी जिले के नकहा निवासी गोवर्धन लाल (70), बेचेलाल (55) व छोटेलाल (65) पुत्रगण घनश्याम मिश्रा घायल हो गए।
सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नकहा में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल गोवर्धन को जिला अस्पताल लखीमपुर खीरी रेफर कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी मुकुल प्रकाश वर्मा ने बताया कि दुर्घटना में घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करा दिया गया है। एक गंभीर मरीज को जिला अस्पताल खीरी रेफर किया गया है। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।