जहांगीराबाद (सीतापुर)। साइबर ठगों ने एक इंटर कॉलेज के प्रबंधक को झांसे में लेकर उनके दो बैंक खातों से 70 हजार की नगदी पार कर दी। ठगी के शिकार प्रबंधक ने बैंकों सहित पुलिस को सूचना दी है।
सदरपुर थाना क्षेत्र के जहांगीराबाद निवासी वीरेन्द्र कुमार यादव कस्बे के श्रीकुज्ञ बिहारी लाल सरस्वती ज्ञान मंदिर इंटर कॉलेज के प्रबंधक है। बुधवार दोपहर वह अपने कार्यालय में बैठे थे। इसी बीच उनके मोबाइल पर किसी व्यक्ति ने कॉल कर हालचाल पूछा। कहा कि आपने शायद पहचाना नहीं।
वीरेन्द्र ने अनुमान के तौर पर कहा कि क्या आप आगरा वाले त्यागी जी बोल रहे हैं तो उसने कहा, जी हां, आप सही पहचान गए। फिर बातों-बातों में जालसाज ने वीरेन्द्र यादव को जाल में फंसा लिया। जालसाज ने विश्वास में लेने के बाद अपने कुछ रुपये वीरेन्द्र को उनके खाते में मंगवाने के लिए राजी कर लिया।
जालसाज ने वीरेन्द्र से यह भी जान लिया कि उनके बैंक खातों में कौन सा मोबाइल नंबर दर्ज है और फिर उसी मोबाइल नंबर के व्हाट्सएप पर चार बार बारकोड भेज कर कहा कि जो कूपन भेजा है उसे एक्सेप्ट करिए फिर बारकोड से स्कैन कर अपने खाते में सेंड कर लीजिये, रुपये आ जाएंगे। इस तरह पंजाब नेशनल बैंक जहांगीराबाद के खाते से 25-25 हजार कर दो बार में 50 हजार रुपये तथा एचडीएफसी बैंक बिसवां शाखा के खाते में से 10-10 हजार कर दो बार में 20 हजार रुपये निकाल लिए।
मोबाइल पर रुपये निकलने का मैसेज आते ही उनके होश उड़ गए, लेकिन तब तक साइबर जालसाज अपना काम कर चुका था। इस बार जालसाजों ने जालसाजी का नया तरीका अपनाया, जिसे वीरेन्द्र नहीं समझ सके और ठगी के शिकार हो गए। भुक्तभोगी ने तुरंत पंजाब नेशनल बैंक जाकर खाता सीज कराया। सदरपुर पुलिस को जालसाजी की लिखित सूचना दी है। पुलिस जांच की बात कह रही है।