कमलापुर चीनी मिल में पहली तौल कराने वाले किसान को सम्मानित करते मिल अधिकारी। संवाद
कमलापुर/महमूदाबाद। एनआर इन्फ्राकॉन प्राइवेट लिमिटेड कमलापुर व सहकारी चीनी मिल महमूदाबाद के नवीन पेराई सत्र का शुभारंभ बृहस्पतिवार को विधिवत पूजन कर किया गया। इस दौरान पहली तौल कराने वाले किसानों को सम्मानित किया गया। मिलों में 20 नवंबर से विधिवत गन्ने की पेराई शुरू कर दी जाएगी।
कमलापुर चीनी मिल के यूनिट हेड पीके सालार व उप महाप्रबंधक गन्ना अजीत सिंह ने मिल गेट कांटे पर विधि-विधान से पूजन किया। इसके बाद नारियल फोड़कर गन्ना तौल की शुरुआत की। इस दौरान पहली बैलगाड़ी सुल्तानपुर मारूफ के गन्ना किसान मुकेश जबकि पहली ट्रैक्टर-ट्रॉली भिठौली के किसान महिपाल यादव लेकर पहुंचे।
इस दौरान सीनियर केन मैनेजर आलोक सिंह, केन मैनेजर अरविंद कुमार, अजीत मिश्रा, गन्ना विकास अधिकारी सत्यम तिवारी, सुपरवाइजर हरिओम यादव, पारस राठौर, किसान भगवान बक्स सिंह, गुड्डू रावत आदि मौजूद रहे। वहीं सहकारी चीनी मिल महमूदाबाद में विधायक आशा मौर्या, जीएम संजय चावला, उपाध्यक्ष केके त्रिवेदी ने संयुक्त रूप से वैदिक मंत्रोच्चार के बाद फीता काटकर पेराई सत्र का शुभारंभ किया।
ट्रैक्टर-ट्रॉली से पहली तौल कराने वाले शाहिनपुर के किसान राजेश और बैलगाड़ी से पहली तौल कराने वाले सुकईपुर के अजयपाल को तिलक लगाकर साफा पहनाने के साथ बाल्टी आदि देकर सम्मानित किया गया। बैलों का तिलक कर गुड़ चना खिलाया गया। उप सभापति कृष्ण कुमार त्रिवेदी, मंडल अध्यक्ष कमलेश राजपूत आदि मौजूद रहे।