नैमिषारण्य में गुरु पूजन करते शिष्य । संवाद
संदना। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को क्षेत्र के विभिन्न आश्रमों और धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। संदना के बनगढ़ आश्रम, सुंदरानंद आश्रम और डगरहा धाम आश्रम सहित अन्य स्थानों पर सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने गुरुजनों का पूजन कर आशीर्वाद लिया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
बनगढ़ आश्रम के महंत संतोष दास खाकी और डगरहा धाम आश्रम के महंत मोहनदास त्यागी जी महाराज ने बड़ी संख्या में नवगृहस्थ श्रद्धालुओं को विधिवत दीक्षा प्रदान की। संत-महात्माओं ने अपने प्रवचनों में कहा कि गुरु ही अज्ञानरूपी अंधकार को दूर कर जीवन को सही दिशा देते हैं। इस दौरान आश्रमों में भजन-कीर्तन, सत्संग और भंडारे का आयोजन हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
लहरपुर के मोहल्ला अंबर सराय स्थित उदासीन आश्रम में गुरु पूर्णिमा का पर्व विधि-विधान के साथ श्रद्धा पूर्वक मनाया गया। आश्रम के सर्वराकार पंकज यादव के नेतृत्व में पाटी पूजन, गुरु पूजन, गौ पूजन और श्री सत्यनारायण व्रत कथा का आयोजन हुआ। आश्रम पहुंचे श्रद्धालुओं ने पूजन-अर्चन के बाद प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान जानकीशरण पुरी, नरेश मेहरोत्रा, उमेश मेहरोत्रा, अखिलेन्द्र यादव और निखिल मेहरोत्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।