फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sitapur News: बूथों पर उमड़ी वोटरों की भीड़, दिक्कतें बरकरार

Fri, 06 Feb 2026 11:42 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सीतापुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सीतापुर। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर चुनाव आयोग ने दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की समयसीमा बढ़ाकर छह मार्च कर दी है। पूर्व में घोषित अंतिम तिथि छह फरवरी होने की वजह से शनिवार को जिलेभर के बूथों पर दावे-आपत्तियां दाखिल करने के लिए भारी भीड़ उमड़ी।
विज्ञापन

मतदाता फॉर्म छह, सात और आठ भरकर नाम जोड़वाने, संशोधन कराने या नाम कटवाने के लिए आवेदन करने पहुंचे। शुक्रवार तक एक लाख 31 हजार 782 दावे व आपत्तियां आईं। वहीं, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए सदर तहसील में सर्वाधिक 23,269 आवेदन आए। सिधौली विधानसभा क्षेत्र में न्यूनतम 6,899 लोगों ने नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया है।

जिले की सदर तहसील सहित महमूदाबाद, लहरपुर, बिसवां, सिधौली, मिश्रिख व महोली क्षेत्र में बनाए गए बूथों पर हजारों मतदाता नोटिस के निस्तारण के लिए बूथों पर पहुंचे। केंद्रों पर भारी भीड़ होने से लोगों को असुविधाएं भी हुईं। महोली के पिसावां बूथ पर ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंची महिलाओं को फाॅर्म भरने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। कुछ ऐसा ही हाल कसमंडा ब्लॉक पर बने बूथ पर भी दिखा। हालांकि जागरूकता के अभाव में तमाम केंद्रों पर खासी भीड़ नहीं दिखी। लहरपुर के जूनियर हाईस्कूल में बने बूथ पर सुबह करीब 11 बजे इक्का-दुक्का मतदाता ही दिखे। बूथों पर महिलाओं को शौचालय जाने व पेयजल की दिक्कत हुई।
विज्ञापन

जिला निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर 27 अक्तूबर से विशेष पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू हुई थी। जबकि घर-घर गणना कार्य चार नवंबर से शुरू किया गया था। इसके बाद छह जनवरी को मतदाता सूची का ड्राॅफ्ट जारी किया गया था। निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक एसआईआर की तिथि बढ़ाकर छह मार्च कर दी गई है। फाइनल लिस्ट 10 अप्रैल को जारी की जाएगी।

जिम्मेदार अनुपस्थित, भटकते रहे ग्रामीण
कमलापुर। दी गई नोटिस लेकर क्षेत्रीय वोटर ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे। यहां सभागार में कई जिम्मेदार अनुपस्थित रहे। फार्म जमा करने वाले फरियादियों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। ग्रामीणों के मुताबिक अजय कुमार सिंह के पास जमा होने वाले फॉर्म उनकी अनुपस्थिति में जमा नहीं हो सके। ग्राम पंचायत पतारा कलां से आई मतदाता पूनम शुक्ला ने बताया कई दिन से दौड़ रहे हैं। निर्वाचन कार्ड, वोटर लिस्ट, आधार कार्ड आदि सभी दस्तावेज लगा दिए हैं, फिर भी मार्कशीट मांगी जा रही है। फार्म जमा नहीं हो रहा है। अधिकांश लोगों को 2003 की सूची में नाम होने के बावजूद नोटिस थमा दी गई है।

1,00,166 लोगों ने नाम बढ़वाने के लिए किया आवेदन
शुक्रवार तक एक लाख 166 लोगों ने नाम बढ़वाने के लिए आवेदन किया है। वहीं, 4082 मतदाताओं ने नाम कटवाने के लिए फॉर्म भरा है। साथ ही 27,534 लोगों ने फॉर्म आठ भरा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें