तंबौर में बहा नाले में दिखा मगरमच्छ।
- फोटो : SITAPUR
तंबौर (सीतापुर)। नगर से होकर बहने वाले बहा नाले में मंगलवार को मगरमच्छ दिखाई देने से हड़कंप मच गया। मगरमच्छ देखने के लिए मौके पर भीड़ जुट गई। हलचल बढ़ने पर मगरमच्छ नाले में चला गया। वन विभाग की टीम नाले में कुंभी अधिक होने का हवाला देते हुए जाल मंगाने को कहकर चली गई। आबादी के बीच नाले में मगरमच्छ की मौजूदगी से नागरिकों में दहशत है।
नगर के मोहल्ला अम्बेडकरनगर होते हुए एक सड़क रेउसा रोड से मिलती है। इसके मध्य में एक नाला बहता है। इस बहा नाले पर रपटा पुल बना हुआ है। पुल के किनारे भरे पानी में कुंभी उगी हुई है। मंगलवार दोपहर राहगीरों को इस रपटा पुल से गुजरने के दौरान कुंभी के बाहर एक मगरमच्छ दिखाई पड़ा। कुछ ही देर में मगरमच्छ नजर आने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ बढ़ने लगी। हलचल बढ़ने से मगरमच्छ कुंभी के बीच घुस गया।
इसकी सूचना पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष झब्बन बेग ने वन विभाग को दी। नागरिकों के अनुसार, शाम तक कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। आबादी के बीच मगरमच्छ के आने से लोग भयभीत हैं। लहरपुर रेंजर एके मल्ल ने बताया कि टीम मौके पर गई थी। लेकिन मगरमच्छ काफी मात्रा में उगी कुंभी के बीच में होने से दिखाई नहीं पड़ा। उसे पकड़ने के लिए जाल मंगवाया जाएगा। नागरिकों को उसे न छेड़ने की हिदायत दी गई है।