जहांगीराबाद (सीतापुर)। रेउसा थाना क्षेत्र के रेवान गांव में शनिवार सुबह शौच जा रही वृद्धा पर अचानक नाले के पानी से निकलकर घड़ियाल ने हमला कर दिया। गनीमत रही कि सामने से हमला करते घड़ियाल को महिला ने देख लिया और भाग खड़ी हुई।
रेउसा के रेवनिया गांव में रहने वाली माया देवी (70) पत्नी मुरली निषाद शनिवार सुबह लगभग साढ़े पांच बजे गांव के पूरब जा रही थीं। जब वह गांव से बाहर कल्लू के खेत के पश्चिम नाले के पास पहुंची तभी पानी में मौजूद घड़ियाल ने सामने से वृद्धा पर हमला बोल दिया। घड़ियाल पर नजर पड़ते ही महिला शोर मचाते हुए भाग खड़ी हुई। कुछ दूर भागने के बाद ठोकर खाकर गिरने से महिला के पैर में मामूली चोट तो आई लेकिन जान बच गई।
इस समय किवानी व ककरहिया नदियों का बरसाती पानी इस नाले में भरा हुआ है। नदी से ही पानी के साथ कहीं से घड़ियाल आ गया है। वहीं, शोर सुनकर अन्य ग्रामीण और परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। सभी ने पानी में मौजूद घड़ियाल को देखा लेकिन उसे पकड़ने की किसी की हिम्मत नहीं हुई।
इसकी सूचना थाना पुलिस व वन विभाग को दी गई। काफी देर बाद रेउसा थाने की कोठार पुलिस चौकी से दो सिपाही मौके पर पहुंचे तब तक घड़ियाल पानी में जा चुका था। ग्रामीणों के अनुसार घड़ियाल की लंबाई लगभग पांच फीट और वजन लगभग पचास किलो तक होगा। ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है।