लहरपुर। बिसवां में शारदा सहायक नहर की पटरी कट जाने के बाद नहर बंद चल रही है। बृहस्पतिवार को मोहम्मदीपुर पुल के पास ग्रामीणों ने मगरमच्छ को देखा। इससे दहशत फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण पुल पर जमा हो गए। मगरमच्छ देखे जाने की सूचना वन विभाग को दे दी गई है।
लहरपुर क्षेत्र की शारदा सहायक नहर में मोहम्मदीपुर पुल के पास नहर के किनारे टहल रहे युवकों ने पानी में एक मगरमच्छ को देखा। देखते ही देखते ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। मगरमच्छ को देखने के लिए पुल के ऊपर ग्रामीणों का तांता लग गया।
शोर सुनकर मगरमच्छ पानी के भीतर छुप गया। नहर में पानी कम होने व बहाव बंद होने के कारण ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन क्षेत्राधिकारी बृजेश कुमार पांडेय ने बताया कि मौके पर वन विभाग की टीम को भेजा जा रहा है।