जहांगीराबाद (सीतापुर)। सदरपुर थाना इलाके में केवानी नदी के दूसरे किनारे पर फिर एक मगरमच्छ दिखाई पड़ा। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी लेकिन कोई वनकर्मी या अफसर वहां नहीं पहुंचा। कुछ देर बाद मगरमच्छ फिर पानी में चला गया।
शनिवार की दोपहर इलाके के बजेहरापुरवा के निकट बह रही केवानी नदी के दूसरे किनारे पर एक मगरमच्छ नदी से निकल कर ऊपर आ गया। मगर को देखने के लिए भारी भीड़ जमा हो गई। लेकिन नदी के दूसरे किनारे पर होने के कारण किसी भी ग्रामीण की हिम्मत नदी पार करने की नहीं हो पा रही थी। स्थानीय लोगों नें वन विभाग को सूचना दी। लेकिन काफी देर बाद तक कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।
सप्ताह भर पूर्व इस स्थान पर ही मगरमच्छ को देखा गया था। बिसवां रेंजर अहमद कमाल सिद्दीकी ने बताया कि मगरमच्छ पकड़ने के लिए उनके पास कोई व्यवस्था नहीं है। ग्रामीणों और बच्चों को फिलहाल एहतियात बरतने और नदी की तरफ न जाने के लिए कहा गया है।