लहरपुर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को तालाब में विशालकाय मगरमच्छ दिखा। ग्रामीणों ने वन विभाग को इसकी सूचना दी। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से मगरमच्छ को पकड़ लिया। उसे शारदा नदी में छोड़ दिया गया है।
अकैचनपुर बरेली गांव स्थित तालाब में मंगलवार को ग्रामीणों ने एक विशालकाय मगरमच्छ देखे जाने की सूचना वन विभाग को दी। मौके पर उप वन क्षेत्राधिकारी हरीश श्रीवास्तव, वन दरोगा राजकुमार, पंकज ,संत राम, गोलू व उनकी टीम ने स्थिति का जायजा लिया।
ग्रामीणों ने बताया कि बीते तीन दिनों से गांव स्थित तालाब में एक मगरमच्छ लगातार देखा जा रहा है। इसके बाद वन विभाग ने ग्रामीणों की मदद से पंपिंग सेट लगाकर तालाब का पानी बाहर निकाला। इसके बाद मगरमच्छ को कड़ी मशक्कत के बाद पकड़ा जा सका। वन विभाग ने मगरमच्छ को लखीमपुर खीरी में ऐरा पुल के पास शारदा नदी में छोड़ दिया है।