यूनियन बैंक व एसबीआई शाखा में ठप है काम
शहर में आंख अस्पताल परिसर स्थित यूनियन बैंक शाखा में आधार कार्ड नहीं बन रहे हैं। न ही संशोधन का काम हो रहा है। यहां आए नेरी कलां गांव निवासी पप्पू पांडेय और उनकी पत्नी ने बताया कि बेटे की जन्मतिथि में संशोधन कराने के लिए कई दिनों से भटक रहे हैं। रोज वापस कर दिया जाता है। सिक्योरिटी गॉर्ड ने बताया कि एक सप्ताह से मशीन खराब है। यही हाल स्टेट बैंक की मुख्य शाखा का है। यहांं भी एक सप्ताह से आधार बनाने का काम बंद है।
पोस्ट ऑफिस से बैरंग लौट रहे लोग
सिटी पोस्ट ऑफिस में भी आधार नहीं बन रहे हैं। यहां प्रतिदिन आधार कार्ड बनवाने और संशोधन के लिए आने वाले लोग वापस हो रहे हैं। उन्हें बताया जाता है कि मशीन खराब है। ठीक होने पर ही आधार बनाए जाएंंगे। दूरदराज के मोहल्लों से किराया खर्च कर आने वाले लोग बैरंग लौट जाते हैं।
11 महीने से नहीं बनाए जा रहे आधार
महमूदाबाद कोतवाली के निकट डाकघर में पिछले करीब 11 माह से आधार कार्ड बनाने का काम ठप है। बुधवार को यहां आए राम सागर वर्मा व राजेश ने बताया कि पोस्ट ऑफिस में आधार अपडेट करवाने के लिए आए थे लेकिन यहां पिछले कई महीनों से काम बंद है। पोस्ट ऑफिस में मशीन खराब है, अब दूसरी जगह जाना पड़ेगा।
नगर में कहीं भी नहीं बन रहे आधार
लहरपुर में प्रमुख रूप से पहले तत्कालीन इलाहाबाद बैंक मैं आधार कार्ड बनाए जाते थे लेकिन यह केंद्र बंद कर दिया गया। स्थानीय डाकघर में आधार कार्ड बनाने का काम शुरू किया गया था। वहां भी अब काफी समय से आधार कार्ड बनाने का काम बंद है। स्थानीय ब्लॉक संसाधन केंद्र पर बच्चों के आधार कार्ड बनाए जाते थे, जिसे भी बंद कर दिया गया है, नगर क्षेत्र में किसी भी केंद्र पर आधार कार्ड बनाया नहीं जाता है। एक्सिस बैंक के निकट आधार संशोधन केंद्र पर मौजूद सौरभ ने बताया कि अब उनके केंद्र पर आधार कार्ड नहीं बनाया जाता, जबकि उसके केंद्र पर भारी संख्या में लोग अपना आधार बनवाने के लिए आते हैं।
सीतापुर। ...कहीं सर्वर ठप है तो कहीं मशीन खराब हैं। कहीं कर्मचारियों की कमी से काम ठप है। जिले में खुले आधार केंद्र खुद ही बीमार हैं। ऐसे में आधार बनवाने के लिए लोग भटक रहे हैं। कई महीनों की दौड़भाग के बाद भी आधार न बनने पर जरूरतमंद थकहार कर बैठ गए हैं।
जिले में अकेले 11 डाकघरों और कई बैंकों में आधार बनाने और संशोधन का काम बंद है। इससे लोगों दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लाभार्थीपरक योजनाओं के लाभ से उन्हें वंचित रहना पड़ रहा है। इससे वह भटक रहे हैं। जिन स्थानों पर आधार बन रहे हैं। वहां भीड़ अधिक हो रही है।
मुख्य डाकघर में काफी दूर से लोग आधार बनवाने के लिए आते हैं। यहां सुबह पांच बजे ही लोग लाइन में लगने के लिए पहुंच जाते हैं, जबकि गेट आठ बजे खुलता है। गर्मी में घंटों लाइन लगाने के बाद भी नंबर नहीं आता है। इससे मायूस होकर लोग लौट जाते हैं। शासन की ओर से संचालित योजनाओं का लाभ पाने के लिए बैंंक से आधार और मोबाइल को लिंक करना जरूरी कर दिया गया है। जिनके आधार फीड नहीं हैं। उन्हें लाभ नहीं मिल रहा है। इस वजह से हर कोई जल्द से जल्द आधार को अपडेट कराना चाह रहा है। शहर से लेकर गांव तक स्थिति खराब है।
मशीन खराब, पांच साल के बच्चों का मोबाइल से बन रहा आधार
तंबौर डाकघर में आधार बनाने का काम केवल पांच साल तक के बच्चों के लिए मोबाइल से किया जा रहा है, क्योंकि आधार बनाने के लिए लगी बॉयोमेट्रिक व प्रिंटर मशीन खराब है। इसे संचालित करने के लिए स्थायी कर्मचारी भी नहीं है। डाकघर के उपडाकपाल ने बताया कि पांच साल तक के बच्चों के आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं, जिसे मोबाइल से अपग्रेड करवाकर कार्ड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आधार मशीन को ठीक कराने के लिए मुख्यालय सूचना भेजी गई है। बुधवार को डाकघर में आधार बनवाने कोई नहीं आया था।
जनसुविधा केंद्रों पर सर्वर की समस्या
सेवता में सीएससी आधार संशोधन केंद्र रेउसा, दलपतपुर, खुरवलिया, कुसमौरा आदि केंद्रों पर आधार डेमो ग्राॅफिक संशोधन किया जाता है। आधार संचालक रामसागर और सुभाष पाल ने बताया कि एक सप्ताह से सर्वर ठीक से नहीं चल रहा है, जिससे लोगों के आधार संशोधन नहीं हो रहे हैं। सर्वर के इंतजार में लोग सुबह से शाम तक बैठे रहते हैं। बुजुर्ग रामरानी ने बताया कि आधार पर नंबर लिंक करवाने के लिए तीन दिनों से आ रही हूं लेकिन नंबर लिंक नहीं हो पाया है। इस समय सहारा रिफंड के फॉर्म ऑनलाइन हो रहे हैं। जिसमें आधार से मोबाइल का लिंक होना अनिवार्य है। मोबाइल लिंक न होने से लोगों के फॉर्म ऑनलाइन नहीं हो रहे हैं। रेउसा क्षेत्र के डाकघर चंद्रसेनी में आधार कार्ड का काम बंद है। रामकोट क्षेत्र के तिवारी जनसुविधा केंद्र पर सर्वर न आने के कारण 10 से अधिक आधार संशोधन कराने वाले लोगों को वापस होना पड़ा। अर्थाना निवासी आदित्य फोटो अपडेट कराने आए थे, सर्वर की वजह से उन्हें वापस होना पड़ा।
80 साल के वरिष्ठ नागरिकों को भेज रहे लखनऊ मुख्यालय
जिले में विधवा पेंशन की लाभार्थी महिलाओं को आधार अपडेट कराने के लिए लखनऊ मुख्यालय भेजा जा रहा है। कई आधार सुविधा केंद्रों से उन्हें बैरंग लौटाया जा रहा है, जिससे उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में दिक्कत आ रही है।
22 डाकघरों में से 11 में आधार बनाए जा रहे हैं। 11 डाकघरों में इस कार्य के लिए यूडीआई को पंजीकरण के लिए पत्र भेजा गया है। बात भी की गई है। वहां से अनुमति मिलते ही काम शुरू किया जाएगा।
पुरषोत्तम नाथ, डाक अधीक्षक
90 जनसुविधा केंद्रों से आधार में संशोधन का काम किया जा रहा है। मुख्यालय स्थित चर्च रोड के दफ्तर में दो केंद्रों पर नए आधार बनाने का काम भी हो रहा है।
आशीष शुक्ल, जिला प्रबंधक, जनसुविधा केंद्र