लहरपुर कोतवाली में अपराधियों को समझाते कोतवाल प्रभारी। संवाद
लहरपुर (सीतापुर)। कोतवाली परिसर में रविवार को क्षेत्र के सक्रिय अपराधियों की परेड कराकर उनके आपराधिक रिकॉर्ड का सत्यापन किया गया। चोरी, लूट, डकैती समेत अन्य मामलों में संलिप्त रहे 180 लोगों को बुलाकर उनके मामलों की समीक्षा की गई और संबंधित डाटा संकलित किया गया।
कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने अपराधियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि पुलिस सभी की निगरानी कर रही है। यदि कोई भी व्यक्ति दोबारा अपराध में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अपराध का रास्ता छोड़कर सामान्य जीवन अपनाने की अपील की। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में करीब 580 अपराधी पंजीकृत हैं। जिन्हें चरणबद्ध तरीके से बुलाकर उनका सत्यापन और डाटा अपडेट किया जा रहा है। हर 15 दिन में इनकी गतिविधियों की समीक्षा भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति रोजगार के लिए अपने गांव या घर से बाहर जाता है तो इसकी जानकारी परिजनों को अवश्य दें। इससे सही जानकारी पुलिस के पास उपलब्ध रहेंगी।