थाना इलाके में पावर हाउस के समीप शनिवार देर शाम को प्रधान पति, किराना व्यापारी को सशस्त्र बदमाशों ने गोली मार दी और सवा लाख रुपये लूट ले गए। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश वहां से भाग निकले।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया है। हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया है। हरगांव थाना इलाके के तुर्तीपुर निवासी अनीस उर्फ गुड्डू पुत्र जहांगीर की हरगांव कस्बे में किराने की दुकान है।
शनिवार देर शाम दुकान बंद करने के बाद अनीस अपने भाई इदरीश के साथ बाइक से वापस घर को जा रहा था। उनकी बाइक पावर हाउस के पास पहुंची थी। तभी पीछे से बाइक सवार बदमाशों ने ओवर टेक कर उन्हें रोक लिया और उनसे लूटपाट कर सवा लाख रुपये लूट ले गए।
घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश वहां से जाने लगे तो इदरीश ने बदमाशों पर ईंटा फेंक दिया। जिस पर बदमाशों ने उन पर फायर कर दिया। जिससे अनीस के पैर में गोली लग गई।
शोर-शराबा सुनकर एकत्रित ग्रामीणों ने उन्हें ललकारा। पर बाइक सवार बदमाश वहां से भागने में सफल रहे। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल अनीस को सीएचसी में भर्ती कराया है, जहां चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।