थानगांव थाना क्षेत्र के अंगेठिया गांव में दो लोगों के बीच बीड़ी मांगने को लेकर हुए विवाद में बुधवार को जमकर लाठियां चलीं। हमले में एक पक्ष से छह व दूसरे पक्ष से दो लोग जख्मी हो गए। घायलों में गंभीर रूप से जख्मी एक युवक की मौत हो गई। जबकि अन्य घायलों की हालत खतरे से बाहर है।
खबर पाकर सीओ बिसवां सहित भारी फोर्स मौके पर पहुंच गई। उधर, देर शाम युवक के परिवारीजनों ने चौका नदी के चंदौली घाट पुल पर शव रखकर प्रदर्शन किया। अंगेठिया निवासी रंगीलाल ने गांव के ही कमलेश से बीड़ी मांगी थी।
बीड़ी न देने पर दोनों में विवाद हो गया। इस पर दोनों पक्षों के लोग लामबंद हो गए और जमकर लाठियां चलीं। मारपीट में एक पक्ष से मदन, रामतेज, बलराम, भगोले, महेश व वीरेश जख्मी हुए। जबकि दूसरे पक्ष से रंगीलाल समेत दो लोग जख्मी हुए।
पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को सीएचसी रेउसा भेजा। यहां से वीरेश (20) को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसकी मौत हो गई। उधर, देर शाम युवक के परिवारीजनों ने चौका नदी के चंदौली घाट पुल पर शव रखकर प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे।