हरगांव कस्बे में शुक्रवार रात ट्रक ने स्कूटी सवार युवकों को टक्कर मार दी। इससे एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। दोनों युवक लखीमपुर खीरी जिले के निवासी हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिससे सिर पर गंभीर चोटें आ गईं।
लखीमपुर खीरी के महराज नगर निवासी रिंकू (30) मोहल्ले के ही अपने मित्र निखिल (28) के साथ हरगांव मेला देखने आया था। मेला देखने के बाद रात दस बजे दोनों स्कूटी से घर के लिए चल दिए। इसी बीच सीतापुर-लखीमपुर मार्ग पर स्टेट बैंक के सामने एक ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और रिंकू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि निखिल गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल युवक को हरगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां पर डॉक्टरों ने हालत नाजुक देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से भाग गया। स्थानीय नागरिकों की माने तो टक्कर लगने के बाद स्कूटी ट्रक में फंसकर करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई लेकिन ट्रक चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। ग्रामीणों ने बताया कि युवकों ने हेलमेट नहीं लगाया था, जिससे सिर पर गंभीर चोटें आ गईं।