महोली कोतवाली इलाके में बड़ागांव-मितौली मार्ग पर बुधवार सुबह एक स्कूल वैन बाइक सवार को टक्कर मार सड़क किनारे खंती में जा पलटी। हादसे में बाइक सवार पेट्रोल पंप के सेल्समैन की मौत हो गई, जबकि स्कूल वैन चालक व वैन में सवार चार बच्चे सकुशल बच गए।
हालांकि दुर्घटना के बाद वैन चालक बच्चों को लेकर भाग निकला। सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई थी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। लखीमपुर खीरी जिले के मैगलगंज निवासी मृदुल पांडेय (22) पुत्र राजीव महोली के हरदासपुर स्थित पेट्रोल पंप में सेल्समैन था।
बुधवार सुबह वह बाइक से जा रहा था। जब वह महोली कोतवाली इलाके में बड़ागांव-मितौली मार्ग पर पहुंचा, तभी एक स्कूल वैन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। बाइक में टक्कर मारने के बाद वैन भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में जा पलटी।
इस हादसे में बाइक सवार सेल्समैन मृदुल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वैन चालक व उसमें सवार चार बच्चे बाल-बाल बच गए। ग्रामीणों ने किसी तरह बच्चों को वैन से बाहर निकाला।
ग्रामीणों के मुताबिक वैन चालक हादसे के बाद वाहन में सवार बच्चों को लेकर भाग निकला। जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।