हादसा उस वक्त हुआ जब करीब 16 लोग खेत में धान के पौध की रोपाई कर रहे थे। घटना को लेकर ग्रामीणों में पावर कार्पोरेशन के खिलाफ जबरदस्त रोष है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
मानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अल्लीपुर चड़रा के निकट सोमवार को एक खेत में धान के पौध की रोपाई का काम चल रहा था। उसी दौरान खेत के ऊपर से होकर गुजरी हाईटेशन लाइन का तार टूटकर खेत में गिर गया।
खेत में पानी भरा होने के कारण पूरे खेत में करंट दौड़ गया। इससे वहां पर काम कर रहा अखिलेश (20) करंट की चपेट में आ गया और वहीं गिर गया। जबकि अल्लीपुरवा तेरवा निवासी बराती का पुत्र सिपाही लाल, चंदर का पुत्र लवकुश समेत अन्य युवक भी करंट की चपेट में आ गए।
घटना को देख मदद को पहुंचे ग्रामीणों ने सूखे बांस की मदद से किसी तरह तार को अलग किया। तब तक अखिलेश की करंट लगने से मौत हो चुकी थी। जबकि सिपाही लाल व लवकुश बुरी तरह से झुलस चुके थे।
इन दोनों को सिधौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। अखिलेश मूलरूप से अटरिया थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। यहां पर वह मजदूरी करने के लिए आया था।
इस घटना में करीब 10 अन्य लोगों को भी करंट के झटके लगे हैं, लेकिन वे पूरी तरह से सुरक्षित बताए जा रहे हैं। वहीं घटना को लेकर ग्रामीणों में जबरदस्त रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना पावर कॉर्पोरेशन की लापरवाही से हुई है।
पूरे क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन के तार लगभग जमीन को छू रहे हैं। यह तार बेहद जर्जर हैं, अक्सर टूटकर गिरते रहते हैं। कई बार जिम्मेदारों से इन तारों को ऊंचा करने व लाइन दुरुस्त करने की गुहार लगाई गई। बावजूद इसके पावर कॉर्पोरेशन ने कोई ध्यान नहीं दिया, जिससे यह हादसा हो गया।