थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात नारायनपुर गांव के पास एक ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे ट्रिपलिंग कर रहे बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि महिला समेत दो लोग जख्मी हो गए। बाइक सवार खरीदारी कर वापस घर लौट रहे थे।
आननफानन घायलों को सीएचसी भेजा गया है। उधर, हादसे के बाद चालक वाहन लेकर वहां से भाग निकला। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
संदना के गोपालपुर तेरवा निवासी वीरेंद्र (28) पुत्र पुत्तीलाल, वीरेंद्र की पत्नी छोटी व गांव का ही राजकुमार (27) पुत्र मेदेलाल एक ही मोटर साइकिल से शुक्रवार को धरौली बाजार कपड़े खरीदने के लिए गए थे। वापस आते समय नरायनपुर गांव के पास शुक्रवार देर रात एक ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी।
इस हादसे में बाइक चालक राजकुमार, वीरेंद्र व वीरेंद्र की पत्नी छोटी गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी गोंदलामऊ ले जाया गया, जहां वीरेंद्र की मौत हो गई। राजकुमार व छोटी की गंभीर हालत देखते हुए दोनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया,
जहां उन दोनों का इलाज चल रहा है। हादसे के बाद के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से वाहन समेत भाग निकला। थानाध्यक्ष बेनी माधव त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।