महोली कोतवाली इलाके में एक विवाहिता की नहर में गिरने से संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पति का कहना है कि वह पत्नी व बेटी समेत बाइक लेकर नहर में गिर गया था, जिससे उसकी पत्नी की मौत हो गई, लेकिन महिला के पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
महोली के बांसी गांव निवासी रमाकांत, अपनी पत्नी कंचन (30), बेटी साक्षी (2) के साथ गोला गोकर्णनाथ मंदिर से दर्शन कर लौट रहा था। रमाकांत के मुताबिक वह महोली में संतोषी मां मंदिर नहर पुलिया के पास अनियंत्रित होकर बाइक, पत्नी व बेटी समेत नहर में गिर गया था। शोर सुनकर पुजारी आदि मौके पर पहुंचे। इन लोगों ने उसे नहर से बाहर निकाला। लेकिन उसकी पत्नी की मौत हो चुकी थी।
जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। उधर, खबर पाकर कन्नौज के गुरुसहायगंज थाना क्षेत्र के निकोमलपुरवा निवासी मृतका के पिता श्रीपाल भी पहुंचे। श्रीपाल का कहना है कि उसकी पुत्री की चार साल पूर्व शादी हुई थी। उससे दहेज में दो लाख रुपये व बाइक की मांग की जा रही थी।
उसका आरोप है कि पुत्री की नहर में डूबने से मौत नहीं हुई, बल्कि उसकी बेटी को ससुराल वालों ने मार डाला है। उसने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए महोली कोतवाली में पुत्री के पति समेत नौ लोगों के खिलाफ तहरीर दी। साथ ही मृतका के पति ने भी उसके डूबने की तहरीर दी है। पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कोई कार्रवाई होगी। हालांकि पुलिस द्वारा कोतवाली में केस न दर्ज किए जाने से नाराज पति ने एसपी से भी शिकायत की। एसपी ने मामले की जांच कराने की बात कही है।