बाइक से घर जा रहे दंपति को बुधवार शाम एक तेज रफ्तार कार टक्कर मारकर निकल गई। हादसे में बाइक सवार दंपति गंभीर रूप से जख्मी हो गया। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां महिला की मौत हो गई।
हादसे में महिला की छह साल की बेटी भी मामूली रूप से जख्मी हो गई। घटना की सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
इमलिया सुल्तानपुर के नव्वा महमूदपुर गांव निवासी संतोष सिंह (34) अपनी पत्नी वंदना सिंह (32) के साथ बुधवार को बाइक पर सवार होकर जिला मुख्यालय आया था।
वंदना की गोद में उसकी बेटी मान्या बैठी थी। लौटते समय जब ये लोग रामकोट इलाके में सीतापुर-कचनार मार्ग पर पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी और भाग निकली। कार की टक्कर से बाइक सवार दंपति बुरी तरह जख्मी हो गए।
वहीं बेटी मान्या भी मामूली रूप से चोटिल हो गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां वंदना की मौत हो गई। संतोष का इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।