तंबौर थाना क्षेत्र के एक गांव में भरी पंचायत में बदनाम किए जाने से आहत एक महिला ने बुधवार को घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। महिला को बदनाम करने का आरोपी वारदात के बाद से घर से भागा हुआ है। महिला की मां ने आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज करा दिया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
तंबौर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला (40) ने बुधवार सुबह अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। जानकारी होने पर लहरपुर से उसकी मां मौके पर पहुंची। मां ने बताया कि करीब 18 साल पूर्व बेटी की शादी की थी।
उसका कहना है कि मंगलवार को दामाद ने घर से गांव के एक व्यक्ति को निकलते देखा तो विरोध किया। पति ने चरित्र पर सवाल उठाए। जिसके चलते घर-परिवार व पड़ोस के लोगों को बुलाकर बुधवार को पंचायत कराई गई।
अपनी सफाई देने आए ग्रामीण प्रदीप ने भरी पंचायत महिला को बदनाम करने वाली टिप्पणी कर दी। घर के बाहर हो रही पंचायत में अपने बारे में बदनाम करने वाली टिप्पणी सुन महिला आहत हो गई। जिसके बाद उसने बुधवार सुबह घर में जाकर फांसी लगा ली।
घटना को लेकर मृतका की मां ने प्रदीप के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। एसओ अनिल कुमार पांडेय का कहना है कि आरोपी प्रदीप के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी घर से भागा हुआ है। उसकी तलाश की जा रही है। मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।