दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से जिला अस्पताल लाए गए दो युवकोें की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मामलों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
अटरिया के सलेमपुर निवासी रमेश (23) की ससुराल क्षेत्र के ही जमुनी गांव में थी, लेकिन ससुरालीजन लखनऊ के गोमती नगर में रहते थे। रमेश के पिता ने बताया कि वह भी काफी समय से ससुराल में था। गुरुवार को वह गंभीर हालत में घर पहुंचा और बेहोश हो गया।
उसे जिला अस्पताल लाया गया तो यहां उसकी मौत हो गई। रमेश के पिता ससुराल वालों पर जहर देने का संदेह जता रहे हैं। हालांकि उसने कोई केस दर्ज नहीं कराया। इसके अलावा रामकोट इलाके के कांशीराम कॉलोनी निवासी रामकुमार (28) पुत्र श्यामू को परिवारीजन गंभीर हालत में लेकर गुरुवार देर शाम जिला अस्पताल पहुंचे थे, जहां उसकी मौत हो गई।
चिकित्सकों के मुताबिक जहरीला पदार्थ खाने से मौत हुई है। परिवारीजन भी कुछ नहीं बता पाए। कोतवाली पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।