जिले के अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में टेम्पो चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। जबकि दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे सिधौली, महोली व तंबौर थाना क्षेत्रों में हुए।
कमलापुर के सरांय रेवरी निवासी अमित (30) टेम्पो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। सोमवार सुबह वह टेम्पो लेकर कस्बा सिधौली जा रहा था। रास्ते में महमूदाबाद चौराहे के निकट टेम्पो सड़क पर खड़ी एक डीसीएम से टकरा गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी, कि टेम्पो के अगले हिस्से के परखचे उड़ गए तथा अमित गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय नागरिकों ने कड़ी मशक्कत के बाद अमित को किसी तरह बाहर निकाला। लोग उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर भागे लेकिन उसे रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उधर, महोली के ग्राम भिरिया निवासी शकुंतला देवी (75) को बाइक ने टक्कर मार दी। इससे शकुंतला देवी घायल हो गई थी। वृद्धा ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।
इसके अलावा तंबौर में एक बोलेरो ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार संदना के रैंघटा निवासी लालता प्रसाद (28), उसकी पत्नी विमला देवी (22) घायल हो गईं। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।