रामकोट में जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से लखीमपुर खीरी जिले के बाइक सवार की मौत हो गई, वहीं मिश्रिख इलाके में लकड़ियामऊ के पास ऑटो से उतरते समय एक युवक बस की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस को दोनों घटनाओं की सूचना दे दी गई है।
रामकोट में रायपुर गांव के पास बैंक शाखा के करीब सोमवार रात एक अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी थी, जिससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी। उसकी पहचान लखीमपुर खीरी जिले के फरधान थाना क्षेत्र के उजारपुर गांव निवासी अशोक (40) पुत्र मेवालाल के रूप में पुलिस ने की है।
पुलिस का कहना है कि परिवारीजन को सूचना दे दी गई है। इसके अलावा मिश्रिख कोतवाली इलाके में हरदोई मार्ग पर लकड़ियामऊ के पास मंगलवार दोपहर एक युवक ऑटो रिक्शा से उतर रहा था। इसी बीच हरदोई की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद बस चालक मय वाहन के भाग निकला। उसकी उम्र करीब 24 वर्ष के आसपास है।