बोलेरो-बाइक की टक्कर में दोनों युवक गम्भीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी महमूदाबाद में भर्ती कराया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को लखनऊ स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
रामपुर कलां थाना क्षेत्र के कृपालपुर निवासी रामलोटन (25) पुत्र चंद्रभाल इसी थाना क्षेत्र के कबरी निवासी अपने बहनोई नेकराम (28) पुत्र श्यामलाल के साथ भाईदूज लेकर ससुराल मीरानगर मजरे साहीनपुर जा रहा था। शुक्रवार रात सिधौली-महमूदाबाद मार्ग पर धन्नीपुरवा के समीप जब रामलोटन पहुंचा तो सामने से आ रही अज्ञात बोलेरो ने इनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
बोलेरो की टक्कर से बाइक का अगला पहिया टूटकर दूर जा गिरा और दोनों बाइक सवार गम्भीर रूप से घायल हो गए। एसआई अशोक यादव ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को सीएचसी महमूदाबाद में भर्ती कराया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गम्भीर रूप से घायल दोनों को लखनऊ स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। परिवारीजनों के मुताबिक दोनों घायलों की हालत दूसरे दिन भी गंभीर बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।