तालगांव थाना क्षेत्र में मंगलवार भोर एसपी की कार सड़क पर खड़े गन्ना लदे डनलप से टकरा गई। इससे एसपी के साथ ही ड्राइवर व गनर घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद एसपी को छुट्टी दे दी गई। चालक व गनर अभी अस्पताल में भर्ती हैं।
लहरपुर क्षेत्र के मरसंडा गांव में डकैती के दौरान रजनीश की हत्या की सूचना मिलने पर मंगलवार भोर पांच बजे एसपी बालेंदु भूषण सिंह अपने गनर व ड्राइवर के साथ घटनास्थल को रवाना हुए थे। रास्ते में तालगांव थाना क्षेत्र में गौरिया के पास एक ट्रैक्टर गन्ना लोड डनलप के साथ सीतापुर लहरपुर मार्ग पर खड़ा था। एसपी की कार जैसे ही उधर से गुजरी, सामने से ट्रक आ गया। उस ट्रक से बचने के चक्कर में कार सड़क पर खड़े गन्ना लोड डनलप से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। वहीं, कार में सवार एसपी बालेंदु भूषण सिंह, चालक फिरासत (45) व गनर दिलीप कुमार (48) घायल हो गए। सूचना मिलते ही तालगांव थानाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सरकारी एंबुलेंस से घायल एसपी, चालक व गनर को जिला अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद तीनों लोगों को भर्ती कर लिया। कुछ देर ठहरने के बाद एसपी को बेड रेस्ट की सलाह देते हुए, डॉक्टरों ने छुट्टी दे दी। चालक व गनर अभी अस्पताल में भर्ती हैं। डॉक्टरों ने सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई है। हादसे का कारण गन्ना लोड डनलप का सड़क पर खड़ा होना और उसमें किसी भी तरह का रिफ्लेक्टर आदि संकेतक नहीं लगा होना बताया जा रहा है। पुलिस ने डनलप व ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। उधर, हादसे की सूचना मिलने पर एसपी का हाल जानने के लिए पुलिस-प्रशासन के अधिकारी व राजनेता उनके आवास पहुंचे और उनसे कुशलक्षेम जानी।