सकरन थाना क्षेत्र में पुलिस ने लूट की साजिश रचते तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से दो बंदूक व चाकू बरामद किए हैं। छापे के दौरान तीन बदमाश मौके से निकल भागे। पुलिस कहना है कि पकड़े गए बदमाश डकैती की साजिश रच रहे थे।
थानाध्यक्ष चंद्रभाल यादव ने सोमवार रात पुलिस बल के साथ सैदापुर गांव के निकट एक बाग में छापा मारा। यहां पर बदमाशों का गैंग एकत्र हुआ था। पुलिस देख गैंग के तीन बदमाश निकल भागे। जबकि तीन ने पुलिस के आगे हथियार डाल दिए। पुलिस ने मौके पर ही तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
उनके कब्जे से दो अवैध बंदूक, कारतूस व चाकू बरामद किया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गए लोगों की पहचान सकरन थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसी निवासी नंद किशोर व रमेश तथा करेहका निवासी कृपाराम के रूप में हुई है।
जबकि फरार बदमाशों की पहचान करेहका निवासी विजय, मेलापुरवा निवासी हीरा लाल व मुन्ना के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि यह गैंग सैदापुर निवासी रामपाल सिंह के यहां बड़ी वारदात की फिराक में था। फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।