लहरपुर कोतवाली इलाके में दो स्थानों से चोरों ने नकदी, जेवर, बर्तन व कपड़े समेत करीब साढ़े छह लाख रुपये का माल पार कर दिया। जानकारी होने पर दोनों घटनाओं की सूचना पुलिस को दी गई है।
लहरपुर कोतवाली इलाके के नवागांव खालेपुर निवासी रहमत ने बताया कि मंगलवार रात को चोर उसके घर में दीवार फांदकर घुस गए। जिसके बाद 38 हजार की नकदी, जेवरात, कीमती बर्तन व कपड़े समेत करीब चार लाख रुपये का माल पार कर दिया। सुबह जब घर के लोग सोकर उठे तो कमरे व अलमारी खुली पड़ी थी।
जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। इसके अलावा कोतवाली क्षेत्र के ही निमौरी गांव निवासी बाबू अली के घर रात को चोर घुस गए। यहां से चोरों ने यूके लिप्टिस बिक्री के रखे एक लाख 25 हजार कैश, जेवर, बर्तन सहित करीब ढाई लाख का माल पार कर दिया। सुबह घटना की जानकारी हुई। जिसके बाद पुलिस को बताया गया। कोतवाली पुलिस का कहना है कि दोनों घटनाओं की जानकारी मिली है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।