गन्ना लेकर महमूदाबाद चीनी मिल जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली बुधवार को कोतवाली क्षेत्र में कंडी चांदपुर मोड़ के पास तालाब में पलट गई। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार युवक की मौत हो गई। हादसे की खबर पाकर मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों ने पुलिस से पोस्टमार्टम नहीं कराने का अनुरोध किया। इस पर पुलिस ने पंचनामा करके शव परिवारीजनों को सौंप दिया।
रामपुर कलां थाना क्षेत्र के तेंदुआ गांव निवासी आमिर (18) पुत्र शरीफ बुधवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गन्ना लादकर महमूदाबाद चीनी मिल जा रहा था। क्षेत्र में कंडी चांदपुर मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे तालाब में पलट गई। इस पर ग्रामीणों ने मिलकर किसी तरह से आमिर को बाहर निकाला मगर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पाकर परिवारीजनों के साथ ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। परिवारीजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराने का अनुरोध किया तो पुलिस ने पंचनामा कर शव उन्हें सौंप दिया।