मछरेहटा थाना क्षेत्र में पांच दिन पूर्व अपनी 13 साल की सौतेली बेटी संग रेप करने के आरोपी ने जेल जाने के डर से शुक्रवार सुबह फांसी लगा ली। उसकी पत्नी ने मुकदमा दर्ज कराया था। जिसके चलते पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
मछरेहटा के एक गांव निवासी प्रकाश (35) ने 25 जुलाई को अपनी 13 साल की सौतेली बेटी के साथ रेप किया था। घर पहुंचकर पीड़िता ने अपनी मां से आपबीती सुनाई तो वह बेटी को लेकर शहर कोतवाली क्षेत्र में स्थित मायके चली गई। 28 जुलाई को मछरेहटा पुलिस ने मामले में आरोपी प्रकाश के खिलाफ रेप का केस दर्ज किया।
पुलिस ने घर पर दबिश भी दी लेकिन वह नहीं मिला था। इसी बीच शुक्रवार सुबह करीब दस बजे आरोपी प्रकाश ने गांव में पेड़ से लटककर जान दे दी। खबर पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रकाश के भाई संतराम ने बताया कि वह शराब का आदी था। उसने 25 जुलाई को शराब पीकर पत्नी संग झगड़ा किया था। झगड़े के बाद रेप का मामला सामने आया। जिसके बाद मां-बेटी अपने घर चली गईं थीं। रेप के मामले में पुलिस भाई को पकड़ने आई थी। इसी बीच जेल जाने के डर से उसने फांसी लगा ली।
तीन साल पूर्व पीड़िता की मां को ले आया था घर
भाई संतराम ने बताया कि प्रकाश लुधियाना में मजदूरी करता था। वहीं एक महिला से उसका संपर्क हो गया था। करीब तीन साल पूर्व प्रकाश उस महिला को अपने घर ले आया था और उसे पत्नी के रूप में रखने लगा था। महिला शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की निवासी थी। महिला की एक बेटी व बेटा भी था। प्रकाश से भी एक बेटा हुआ।