भटनी/सलेमपुर। मामूली बात को लेकर प्रधान समर्थकों ने गांव में जमकर उत्पात मचाया। युवक के दरवाजे पर चढ़कर समर्थकों ने कई राउंड फायरिंग किया। इससे गांव में दहशत फैल गया। मौके पर पहुंची पुलिस को देख उत्पाती भाग खड़े हुए। पुलिस इस मामले में गांव के प्रधान समेत चार लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। भटनी थाना क्षेत्र के भरौली गांव निवासी पंकज राजभर गुरुवार को बाइक से गांव में कहीं जा रहा था।
दोपहर में गांव के सत्तन यादव उधर से बैलगाड़ी लेकर आ रहे थे। साइड लेने को लेकर दोनों लोगों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इससे नाराज प्रधान अपने समर्थकों के साथ कुछ देर बाद पंकज राजभर के दरवाजे पर पहुंचे। नाराज प्रधान समर्थकों ने पंकज की पिटाई कर बाइक क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोप है कि गांव में दहशत फैलाने के लिए प्रधान पक्ष के तरफ से फायरिंग भी की गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस को देख प्रधान समर्थक भाग निकले। घायल युवक का इलाज भटनी पीएचसी पर कराया गया। इस विवाद से गांव का माहौल तनावपूर्ण है। पुलिस फायरिंग और बाइक तोड़फोड़ की घटना को झुठला रही है। पंकज की तहरीर पर पुलिस ने गांव के प्रधान संजय मिश्र, कल्लू, नन्हें और बृजबिहारी पर मारपीट का केस दर्ज कर लिया है। इस बाबत प्रभारी एसओ राजेश कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है।