रामकोट में पिरई नदी पुल के पास गुरुवार भोर सवारियों से भरी रोडवेज बस 30 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में बस चालक की मौत हो गई जबकि 20 मुसाफिर जख्मी हो गए। इनमें से 10 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
बताते हैं कि देवरिया डिपो की यह बस सीतापुर होते हुए दिल्ली जा रही थी। हादसे के समय बस में करीब 60 लोग सवार थे। उधर, खबर पाते ही सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी, रामकोट एसओ ने परिवहन निगम के अफसरों के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
देवरिया डिपो की बस गुरुवार भोर करीब चार बजे सीतापुर होते हुए दिल्ली जा रही थी। बस में लगभग 60 लोग सवार थे। बस जब नेशनल हाईवे पर पिराई नदी पुल के पास पहुंची, तभी घने कोहर की वजह से गाड़ी अनियंत्रित होकर 30 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
उधर, हादसे के बाद बस में बैठे मुसाफिरों ने तत्काल डायल-100 टीम को फोन से सूचना दी। बस गिरने से हुए शोर को सुनकर आसपास के लोग भी आ गए। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस के साथ बस में फंसे लोगों को किसी तरह बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। इस हादसे में बस चालक भोला प्रसाद (25) की मौत हो गई।
जबकि बस के क्लीनर गोरखपुर निवासी रामसहारे (35) पुत्र मोतीलाल, यात्री श्रावस्ती निवासी गोविंद (55), उसकी पत्नी विधु सिंह (50), देवरिया के तिवारीपुर निवासी रवींद्र विश्वकर्मा (65) व उसका बेटा राजू विश्वकर्मा (20), गोरखपुर के मदनपुर निवासी ऋषिकेश (25) पुत्र रामशब्द, साहिबाबाद निवासी उदयभान उपाध्याय (45), बाराबंकी निवासी कृपाशंकर (55), जिले के महोली निवासी सुरेश (45), बस के एक अन्य चालक कृपाशंकर समेत 20 लोग जख्मी हो गए।
जहां से 10 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। जबकि 10 का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। उधर, हादसे की खबर पाकर सिटी मजिस्ट्रेट जेपी गुप्ता, सीओ सिटी रामसनेही यादव, एसओ रामकोट ने रोडवेज के अधिकारियों के साथ घटनास्थल का जायजा लिया। घटना का कारण घना कोहरा होना बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।