लालपुर मंडी समिति कार्यालय के सामने शुक्रवार को एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
उन्हें सीएचसी लहरपुर भेजा गया है, जहां एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना पाकर पुलिस पहुंच गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार युवक हेलमेट नहीं लगाए थे।
लहरपुर के केसरीगंज निवासी केतन गुप्ता (20) पुत्र रामकिशोर कोतवाली क्षेत्र के ही नबीनगर निवासी अपने साथी बब्बू (20) पुत्र राजकुमार के साथ बाइक से तंबौर गया था। शुक्रवार दोपहर दोनों बाइक से वापस जा रहे थे।
जब ये लोग कोतवाली क्षेत्र के लालपुर बाजार के निकट मंडी समिति कार्यालय के सामने पहुंचे, तभी अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराए। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
आसपास के लोगों की मदद से दोनों को सीएचसी लहरपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने केतन को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके साथ बब्बू को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पाकर पुलिस व परिवारीजन भी पहुंच गए थे। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।