लखीमपुर खीरी के मैगलगंज में बुधवार को एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार में सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि चार अन्य युवक जख्मी हो गए। सभी लोग शहर के टेड़वा चिलौला से गई बारात में शामिल होने गए थे।
घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को चिकित्सकों ने छुट्टी दे दी है। सूचना पुलिस को दे दी गई है। शहर के टेड़वा चिलौला गांव निवासी सुशील की बारात बुधवार को लखीमपुर खीरी जिले के पसिगवां थाना क्षेत्र के बरवर को गई थी।
सुशील की बारात में शामिल होने के लिए गांव के ही निवासी अरविंद (25) पुत्र छंगा, श्रीकेशन पुत्र रामलोटन, विपिन पुत्र स्व. रामपाल, शेरू पुत्र शिव प्रसाद व इमलिया सुल्तानपुर इलाके के अल्लीपुर निवासी बिल्लू पुत्र बालक कार से गए थे।
मैगलगंज थाना क्षेत्र के बहादुरनगर के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर खंती में जाकर पलट गई, जिससे कार में सवार सभी लोग जख्मी हो गए। सड़क हादसे की सूचना पाकर लोगों ने सभी घायलों को आननफानन जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने घायल अरविंद को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य चारों लोगों का प्राथमिक उपचार किया गया। घटना की सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई थी। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।