बिसवां कोतवाली इलाके के बिसवां-रेउसा मार्ग पर रविवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में चार लोग जख्मी हो गए, तभी पीछे से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर बाइक को रौंदते हुए निकल गया, जिससे एक की मौके पर ही मौत हो गई।
अन्य घायलों को पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया है। उधर, हादसे के बाद चालक कुछ दूर पर वाहन को छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
सदरपुर के लालपुर निवासी अकील के यहां रविवार को एक वैवाहिक कार्यक्रम था। अकील ने तंबौर के दलपतपुर निवासी टिंकू सोनी (30) को खाना बनाने के लिए बुलाया था। पनीर कम पड़ने पर अकील और टिंकू बाइक से बिसवां पनीर लेने आए थे।
शारदा पुल के पास उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई, जिससे दोनों बाइकों पर सवार चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद जख्मी बाइक सवार संभल भी नहीं पाए थे कि पीछे से आ रहा तेज रफ्तार ट्रैक्टर जख्मी टिंकू को रौंदता हुए निकल गया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में घायल सदरपुर के लालपुर निवासी अकील, बिसवां के लालापुरवा निवासी अशोक कुमार व गणेशपुर निवासी बनगन को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।