जिले में गर्भवती के लिए आने वाला पोषाहार जानवरों का निवाला बन रहा है। इसका खुलासा शुक्रवार को सरैया बाजार में एसडीएम के छापे के दौरान हुआ। पशु आहार की दो दुकानों से प्रशासन की टीम ने 78 बोरियां पोषाहार बरामद किया है।
प्रशासन जांच की बात कह रहा है। जिलाधिकारी को कुछ लोगों ने सूचना दी थी कि क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाले पोषाहार की कालाबाजारी की जा रही है। डीएम ने बिसवां एसडीएम सर्वेश गुप्ता को जांच के निर्देश दिए थे।
एसडीएम सर्वेश गुप्ता ने तहसीलदार राजेश चंद्र के साथ सरैया बाजार में सरैया महीपतपुर निवासी राम सागर गुप्ता व सरैया कादीपुर निवासी मनोज की पशु आहार की दुकान पर छापा मारा। टीम ने राम सागर गुप्ता की दुकान से 40 बोरी पोषाहार व मनोज की दुकान से 38 बोरी पोषाहार बरामद किया।
जिसके बाद पोषाहार की सभी बोरियों को बाल विकास पुष्टाहार विभाग को सौंप दिया गया है। इस दौरान दोनों दुकानदार मौके से भाग गए। तहसीलदार ने बताया कि दुकान स्वामी के न मिलने से यह पता नहीं लगाया जा सका है कि बोरियां कहां से इन दुकानों पर पहुंचीं। डीएम को रिपोर्ट भेजी जा रही है।