बिसवां कोतवाली क्षेत्र मेें एक युवक का शव संदिग्ध हालात में फांसी के फंदे से लटका मिला। परिवार के सदस्यों ने युवक के ससुर व सालों पर हत्या का आरोप लगाया है। जिसको लेकर बिसवां कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बिसवां के ग्राम सिकरहना निवासी सर्वजीत (35) तीन दिन पूर्व घर से निकला था। जिसके बाद वह लौटकर नहीं पहुंचा। मंगलवार सुबह गांव के कुछ ग्रामीण जब नित्यक्रिया के लिए खेतों की तरफ गए, उसी दौरान उन्होंने गांव के बाहर लगे एक शीशम के पेड़ पर सर्वजीत का शव लटका देखा। उसके गले में गमछे से बना फंदा कसा हुआ था। खबर फैलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। घटना के संबंध में सर्वजीत के पिता गोबरे ने पुलिस को बताया कि छह दिन पहले ही सर्वजीत की पत्नी की आग से झुलसने की वजह से मौत हो गई थी। उसके ससुराल पक्ष से कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बगहा ढाक निवासी सर्वजीत के ससुर शिवकुमार, साले विमलेश व सर्वेश ने घर पर आकर हंगामा काटा। यहां पर तीनों ने सर्वजीत को जान से मारने की धमकी भी दी थी। उसी दिन से वह लापता है। आरोप है कि सर्वजीत के ससुराल पक्ष ने पहले उसका अपहरण किया, जिसके बाद गला घोंटकर हत्या कर दी। प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। हत्या की पुष्टि होने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।