बिसवां कोतवाली इलाके के शुगर फैक्ट्री में काम कर रहा एक श्रमिक अचानक चक्कर खाकर जमीन पर गिर गया। साथ काम कर रहे लोगों ने आननफानन मिल अस्पताल के डॉक्टरों को बुलाया, पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर मृतक के परिवारीजन भी मौके पर पहुंच गए हैं, हालांकि परिवारीजनों ने अभी तक कोई आरोप नहीं लगाया है। वे पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहे हैं।
बिसवां के भुइला कलां निवासी अखिलेश उर्फ बउवा (38) पुत्र आशीष बिसवां की सेक्सरिया शुगर मिल में बतौर संविदा कर्मी था। अखिलेश गुरुवार सुबह फैक्ट्री में मजदूरी करने गया था।
बताते हैं कि संविदा कर्मी अखिलेश भारी पाइप लेकर जा रहा था, तभी उसे अचानक चक्कर आ गया, जिससे वह पाइप लेकर जमीन पर गिर पड़ा। यह देख उसके अन्य साथी मौके पर दौड़े और उसे उठाकर टिनशेड के नीचे ले गए।
साथ ही मजदूरों ने फैक्ट्री अस्पताल के चिकित्सक को बुलाया। चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने संविदा कर्मी अखिलेश की मृत्यु हृदयाघात से होना बताया। मृतक के परिवारीजनों ने अभी तक कोई आरोप नहीं लगाया है। घरवाले पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।