जेठ की मारपीट से परेशान महिला ने निगला जहर
अस्पताल में भर्ती महिला के बयान के आधार पर जेठ के खिलाफ मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
राजपुरा ।
गांव उक्सी जटां निवासी महिला ने अपने जेठ की मारपीट से परेशान होकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। उसे गंभीर हालत में गुरु नानक अस्पताल में उपचार के लिए दाखिल करवाया गया। सदर पुलिस की टीम की मौजूदगी में ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने महिला के बयान के आधार पर उसके जेठ के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
अस्पताल में उपचार के लिए दाखिल गांव उक्सी जटां निवासी महिला जसविंद्र कौर पत्नी संजीव कुमार ने सदर पुलिस को दिए बयान में बताया कि मामूली बात को लेकर उसे जेठ बिल्लू पुत्र राम स्वरूप ने उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। वह मुझे घसीटता हुआ दूर तक ले गया। इतना ही नहीं उसने मेरा गला दबाते हुए जान से मारने की भी बात कही। इसके बाद देर रात को भी बिल्लू ने एक बार फिर से मारपीट की। इससे दुखी होकर पीड़िता ने जहरीला पदार्थ निगल आत्महत्या करने की कोशिश की। सदर थाना की बंसतपुरा पुलिस चौकी प्रभारी मुहम्मद नसीम ने बताया कि मामले में आरोपी पर केस दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।