सिधौली कोतवाली इलाके के फिरोजपुर गांव में बुधवार दोपहर प्रधान चुनाव की रंजिश में कुछ लोगों ने एक युवक को घर से खींचकर लाठियों से पीटकर मार डाला। बचाने पहुंचे उसके भाई को भी हमलावरों ने जख्मी कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की है। परिवारीजन ने गांव के ही पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।
फिरोजपुर निवासी कमलेश ने बताया कि उसका गांव के ही विक्रम, रंजीत आदि से विवाद चल रहा था। चुनाव में इन लोगों से मारपीट हुई थी। जिसके कारण ये लोग रंजिश मान रहे थे। आरोप है कि बुधवार को होली पर रंग चल रहा था। इसी बीच दोनों पक्षों में विवाद होने लगा।
बात बढ़ने पर विरोधी पक्ष के लोग लामबंद होकर कमलेश के घर घुस गए और उसके भाई सर्वेश कुमार (26) को घर से बाहर खींच लाए। इन लोगों ने एकजुट होकर उसे लाठियों से बुरी तरह पीट डाला। कमलेश भाई को बचाने दौड़ा तो दबंगों ने उसे भी नहीं बख्शा। लाठियों से उसे भी बुरी तरह पीटकर लहूलुहान कर दिया।
बताते हैं कि घटना के वक्त पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। घायल सर्वेश व उसके भाई को सीएचसी ले जाया जा रहा था, तभी सर्वेश ने रास्ते में दम तोड़ दिया। परिवारीजन ने गांव के ही विक्रम, रंजीत, कुलदीप पुत्रगण बाबू व बाबू पुत्र नत्था, केशव पुत्र सोहन को नामजद किया है। आरोप है कि इन लोगों ने लाठियों से पीटकर सर्वेश को मार डाला। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।