हिमाचल प्रदेश में तैनात आईटीबीपी जवान सतीश पांडेय ने शुक्रवार रात घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। वह इन दिनों छुट्टी लेकर घर आया हुआ था। बताते हैं कि एक सड़क हादसे में घायल होने के बाद से वह मानसिक रूप से बीमार रहने लगा था।
खबर पाकर पुलिस भी पहुंच गई थी। आईटीबीपी के अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। पिसावां के जलालनगर निवासी सतीश (42) भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल का जवान था।
मौजूदा वक्त में वह हिमाचल प्रदेश के सालाबाद जीवटी में तैनात था। 31 मई को छुट्टी लेकर वह अपने घर आया हुआ था। इस बीच गांव पहुंचने के बाद उसकी हालत खराब हो गई थी। जिसके चलते उसने अपनी छुट्टी बढ़वा ली थी।
बताते हैं कि शुक्रवार शाम वह कमरे में लेटने चला गया। काफी देर बाद भी जब वह बाहर नहीं निकला तो परिवार के लोग उसे उठाने पहुंच गए। लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला।
इस पर परिवार के लोगों ने दरवाजा तोड़ा तो उसका शव फंदे से लटक रहा था। इसके बाद परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। परिवारीजनों का कहना है कि सतीश जब दिल्ली में तैनात था तो वह एक सड़क हादसे का शिकार हो गया था।
इलाज के बाद वह ठीक हो गया था, लेकिन बीच-बीच में तबियत बिगड़ जाती थी। परिवार के लोगों का कहना है कि इन दिनों सतीश की तबियत खराब चल रही थी। इससे वह मानसिक रूप से परेशान रहता था। इसी परेशानी के चलते उसने फांसी लगा ली। उधर, जवान के तैनाती स्थल पर अधिकारियों को भी सूचना दे दी गई है।